खोरपा मंडई मेला में दो अलग-अलग मारपीट की घटनाएं, कई घायल
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, आरोपियों पर BNS की विभिन्न धाराएं

खबरी 24 अभनपुर। ग्राम खोरपा में आयोजित मंडई मेला के दौरान रविवार रात करीब 8 बजे दो अलग-अलग स्थानों पर आपसी विवाद के चलते मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों मामलों में युवकों के साथ गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी और मारपीट किए जाने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है।
पहली घटना में प्रार्थी पुनेश देवांगन ने बताया कि वह अपने मौसेरे भाई ओमप्रकाश देवांगन के साथ मंडई मेला घूम रहा था। इसी दौरान ग्राम खोरपा निवासी नागेश साहू और जय साहू पुरानी बात को लेकर ओमप्रकाश से वाद-विवाद कर रहे थे। बीच-बचाव करने पर दोनों आरोपियों ने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और नागेश साहू ने हाथ में पहने चूड़े से तथा जय साहू ने किसी वस्तु से पुनेश देवांगन के साथ मारपीट की। मारपीट में पुनेश के कमर और सिर में चोट आई। जब ओमप्रकाश देवांगन बीच-बचाव करने आया तो उसके साथ भी दोनों ने हाथ-मुक्का और किसी वस्तु से मारपीट की, जिससे उसके दोनों हाथों में चोट लगी। घटना को अमन देवांगन एवं यशवंत देवांगन ने देखा और बीच-बचाव किया।
दूसरी घटना में प्रार्थी गीतेश निर्मलकर ने बताया कि वह अपनी बहन खुशी निर्मलकर और दोस्त चेतन कुमार ध्रुव के साथ मंडई मेला घूमने गया था। ग्राम पंचायत खोरपा के पास झूला झूलने के दौरान बंटी साहू और मुकेश पाटिल का झूला संचालक से विवाद हो रहा था। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने खुशी निर्मलकर के साथ धक्का-मुक्की की। विरोध करने पर मुकेश पाटिल और बंटी साहू ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और गीतेश निर्मलकर के साथ हाथ-मुक्का व किसी वस्तु से मारपीट की, जिससे उसके पीठ और गले में चोट आई। घटना की सूचना मिलने पर उसके पिता लोकेश निर्मलकर मौके पर पहुंचे तो जशवंत साहू ने हाथ-मुक्का से और बंटी साहू ने किसी वस्तु से उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर में चोट आई।
दोनों मामलों में पुलिस ने प्रार्थियों की रिपोर्ट पर धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।





