स्थगन आदेश के बाद अवैध निर्माण पर ढलाई की तैयारी, चार दिन की छुट्टी का उठाया जा रहा फायदा
खोरपा अति तहसीलदार के आदेश के बावजूद नहीं रुका निर्माण, कार्रवाई नहीं होने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं

खबरीलाल 24/अभनपुर
शासकीय चरनोई भूमि पर कथित अवैध निर्माण को लेकर जारी स्थगन आदेश के बाद भी निर्माण कार्य रुकता नजर नहीं आ रहा है। अतिरिक्त तहसीलदार उप तहसील खोरपा द्वारा 8 जून 2026 को निर्माण कार्य तत्काल बंद करने और यथास्थिति बनाए रखने का आदेश जारी किया गया था। इसके बावजूद अब निर्माण स्थल पर ढलाई की तैयारी किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। आगामी चार दिनों की सरकारी छुट्टियों का लाभ उठाकर निर्माण की ढलाई पूरी करने की तैयारी की जा रही है, ताकि प्रशासनिक निगरानी कम रहने का फायदा मिल सके। यदि ऐसा होता है तो स्थगन आदेश का उद्देश्य ही समाप्त हो जाएगा। आदेश की प्रति पटवारी, थाना प्रभारी और ग्राम पंचायत को भी भेजी गई थी तथा आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्थगन आदेश के बाद भी निर्माण जारी रहने की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक क्या कदम उठाए हैं?

हालांकि प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं होने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं किया गया है। यदि छुट्टियों के दौरान ढलाई पूरी हो जाती है, तो यह राजस्व विभाग के आदेशों के पालन और प्रशासनिक व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करेगा। अब लोगों की निगाह इस बात पर है कि संबंधित विभाग अवमानना की स्थिति में क्या कार्रवाई करता है और शासकीय भूमि पर हो रहे कथित अवैध निर्माण को रोकने के लिए कब प्रभावी कदम उठाए जाते हैं।





