
रायपुर, khabrilal24.com, 6 अक्टूबर 2026। नेहा बोरा को लेकर कथित आपत्तिजनक एवं लैंगिक टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रिया तेज हो गई है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक प्रीति उपाध्याय शुक्ला ने इस मामले में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुस्लिम राष्ट्रीय मंच से जुड़े मोहम्मद फ़ैज़ ख़ान ने एक सार्वजनिक वीडियो में नेहा बोरा के राजनीतिक विचारों का विरोध करते हुए कथित तौर पर ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन्हें शिकायतकर्ता ने उनकी महिला होने और व्यक्तिगत गरिमा को निशाना बनाने वाला बताया है।
प्रीति उपाध्याय शुक्ला ने महिला आयोग से वीडियो का तत्काल संज्ञान लेने, संबंधित डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
‘राजनीतिक मतभेद स्वीकार्य, महिला का अपमान नहीं’
बालोद विधायक एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी महिला को उसके विचारों के कारण लैंगिक अथवा अपमानजनक टिप्पणियों का निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है।

शिकायत सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेत्री नीलिमा मिश्रा, प्रगति वाजपेयी एवं सबा अली भी मौजूद रहीं।





