
नई दिल्ली Khabrilal24.com | बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा स्थापित समता सैनिक दल के स्थापना दिवस समारोह का आयोजन 24 सितम्बर गुरुवार को अम्बेडकर भवन, नई दिल्ली में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से सामाजिक कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इस अवसर पर समता सैनिक दल छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष श्री घनश्याम घिदौड़े के प्रतिनिधि के रूप में श्री सुजीत कुमार घिदौड़े विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए सामाजिक उत्थान और संगठन की भूमिका पर अपने विचार रखे।
“शिक्षा के साथ रोजगार, सामाजिक चेतना और संगठन भी जरूरी” — सुजीत कुमार घिदौड़े

अपने उद्बोधन में श्री सुजीत कुमार घिदौड़े ने विशेष रूप से Gen-Z युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज की उन्नति केवल युवाओं को शिक्षा देने से पूरी नहीं होगी। शिक्षा के साथ रोजगार, सामाजिक चेतना, संगठनात्मक एकता और समाज के प्रति जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता देना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि आज का युवा तकनीक और ज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं को अपनी शिक्षा एवं प्रतिभा का उपयोग समाज के जरूरतमंद वर्गों के उत्थान और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए भी करना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से “Pay Back to Society” की भावना के साथ समाज को कुछ वापस देने का आह्वान करते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षित, जागरूक और संगठित युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

युवाओं से किया सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान
श्री घिदौड़े ने कहा कि समाज की मजबूत नींव तभी तैयार होगी, जब युवा व्यक्तिगत सफलता के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझेंगे। उन्होंने युवाओं से सामाजिक भेदभाव एवं असमानता के विरुद्ध संवैधानिक मूल्यों के साथ कार्य करने तथा समाज में शिक्षा, रोजगार और जागरूकता को बढ़ावा देने की अपील की।

समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं युवाओं ने सामाजिक न्याय, समानता, बंधुत्व और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।





