
आरंग khabrilal24.com | ग्राम पंचायत कुकरा, जनपद पंचायत आरंग में पंचायत सचिव के पद पर 31 वर्षों तक सेवा देने के बाद लोकनाथ साहू सेवानिवृत्त हुए। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर जनपद पंचायत आरंग के सचिव संघ की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उन्हें 25 हजार रुपए नगद, शॉल, श्रीफल, सफर बैग एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

ग्रामीण प्रशासन में सचिवों की भूमिका महत्वपूर्ण
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास घिदौड़े ने कहा कि– ग्राम पंचायत सचिव ग्रामीण प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने में पंचायत सचिवों की अहम भूमिका रहती है। पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर ग्रामीणों की समस्याओं और शासन की योजनाओं के बीच समन्वय स्थापित करने में सचिव महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्षों तक ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा देने वाले पंचायत सचिवों के योगदान को केवल नौकरी की अवधि तक सीमित नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि सेवानिवृत्ति के बाद उनके सामाजिक एवं आर्थिक भविष्य को लेकर भी व्यवस्था की आवश्यकता है।
पेंशन और स्वास्थ्य सुविधा की मांग
घिदौड़े ने पंचायत सचिवों की सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लंबे समय तक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए पेंशन और स्वास्थ्य सुविधा जैसी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव 62 वर्ष की आयु तक ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उनके लिए सामाजिक सुरक्षा का प्रावधान होना जरूरी है। उन्होंने सरकार से पंचायत सचिवों के सेवानिवृत्त जीवन को सुरक्षित बनाने के लिए पेंशन एवं स्वास्थ्य सुविधा की व्यवस्था पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

घिदौड़े ने कहा कि जनसेवा से जुड़े कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन मिलना चाहिए। इसके लिए सरकार को कर्मचारी संगठनों की मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए उचित नीति बनाने की आवश्यकता है।
समारोह के दौरान सचिव संघ के सदस्यों ने लोकनाथ साहू के 31 वर्ष के सेवाकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानजनक सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत आरंग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ सचिव संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सचिव संघ अध्यक्ष हारमोहन बांधे सहित जोहत, दाऊलाल धीवर, कल्याण डहरिया, यशवंत कन्नौजे, पुष्पा गोस्वामी, मीनाक्षी, पूर्णिमा, लोकेश्वरी, ईश्वरी सहित अन्य सचिव एवं साथीगण उपस्थित रहे।





