
Khabrilal24.com | असम | असम बीजेपी की अंदरूनी कलह अब खुलकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक पहुँच गई है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनवाल ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर बड़ा राजनीतिक संकेत दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, सर्बानंद सोनवाल ने अपने पत्र में मौजूदा मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव नए चेहरे के साथ लड़ने की मांग की है।
पत्र में साफ़ तौर पर लिखा गया है कि – मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और उनके परिवार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण असम में भारतीय जनता पार्टी की स्थिति बेहद कमजोर हो चुकी है और पार्टी केवल 35–40 सीटों पर ही मज़बूत मानी जा सकती है।
इस पत्र के सामने आने के बाद असम बीजेपी में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनवाल के बीच की राजनीतिक लड़ाई अब सार्वजनिक टकराव का रूप ले चुकी है।
राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को असम बीजेपी के लिए बड़ा खतरे का संकेत माना जा रहा है, जहाँ नेतृत्व परिवर्तन और सत्ता संघर्ष ने पार्टी की एकजुटता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





