
खबरीलाल 24/रायपुर
छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता ननकी राम कंवर एक बार फिर सुर्खियों में हैं कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत को हटाने की मांग को लेकर वे धरना देने पर अड़े हुए हैं, लेकिन रायपुर पहुंचते ही प्रशासन ने उन्हें एम्स के पास हाउस अरेस्ट कर लिया। प्रशासन ने उनके प्रस्तावित धरने को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास शुरू कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, श्री कंवर शुक्रवार को रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहाँ से वे जेल रोड स्थित एक रेस्टोरेंट और फिर एक परिचित के निवास पर गए। इसी बीच पुलिस ने उनकी घेराबंदी कर दी।
मीडिया से बात करने के दौरान एक व्यक्ति जो खुद को उनका नाती बता रहा था ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर कंवर भड़क उठे और उसे धक्का देकर दूर किया। कंवर ने कहा कि उन्हें मीडिया से यह जानकारी मिली कि सरकार ने उनकी शिकायतों की जांच का आदेश दिया है, लेकिन अब तक किसी मंत्री या अधिकारी ने व्यक्तिगत रूप से संपर्क नहीं किया। उन्होंने दो टूक कहा कि 4 अक्टूबर, शनिवार को वे मुख्यमंत्री निवास के सामने धरने पर बैठेंगे, चाहे प्रशासन कुछ भी करे।
इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार रात कंवर से फ़ोन पर बातचीत कर धरना स्थगित करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि कंवर द्वारा भेजे गए पत्र पर बिलासपुर कमिश्नर से जांच प्रतिवेदन मांगा गया है। इसके बावजूद, वरिष्ठ भाजपा नेता कंवर अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। वर्तमान में ननकी राम कंवर एम्स रायपुर के नजदीक एक भवन में रुके हुए हैं, जहाँ उनके परिजन और भाजपा के कई नेता लगातार संवाद स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं।





