नवा रायपुर, 8 सितंबर 2026। नवा रायपुर क्षेत्र में ग्राम पंचायतों से जुड़े विकास कार्यों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत रायपुर क्षेत्र क्रमांक 12 की सदस्य श्रीमती भीनू सुजीत घिदौड़े ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखकर नवा रायपुर सरपंच संघ के साथ बैठक आयोजित करने का आग्रह किया है।
पत्र में उन्होंने कहा कि नवा रायपुर सरपंच संघ के अंतर्गत आने वाली समस्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों के साथ यथाशीघ्र बैठक आयोजित की जाए। बैठक के माध्यम से स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय और समरसता को मजबूत किया जा सकेगा तथा क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों को निरंतर गति देने में मदद मिलेगी।

जिला पंचायत सदस्य भीनू सुजीत घिदौड़े ने CEO से सरपंच संघ के साथ बैठक के लिए शीघ्र समय निर्धारित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और प्रशासन के साथ बेहतर संवाद से क्षेत्र के विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।





