गिरौदपुरी धाम में प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक, कई महत्वपूर्ण निर्णय
समाज की मजबूती केवल संगठन विस्तार से नहीं, बल्कि शिक्षा, सामाजिक सुधार, अनुशासन और सामाजिक एकता से होगी -प्रदेश अध्यक्ष श्री एल. कोसले

गिरौदपुरीधाम Khabrilal24.com । सतनाम धर्मशाला मड़वा, गिरौदपुरीधाम में प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक प्रदेश अध्यक्ष श्री एल. कोसले के निर्देशन में आयोजित की गई। बैठक में समाज के पदाधिकारियों, शिक्षाविदों, अधिकारियों, शिक्षकों तथा विभिन्न जिलों से पहुंचे सामाजिक प्रतिनिधियों ने सामाजिक, शैक्षणिक एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

प्रदेश अध्यक्ष का बयान- बैठक में प्रदेश अध्यक्ष श्री एल. कोसले ने कहा कि समाज की मजबूती केवल संगठन विस्तार से नहीं, बल्कि शिक्षा, सामाजिक सुधार, अनुशासन और सामाजिक एकता से होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सामाजिक रीति-नीति में आवश्यक सुधारों को गांव स्तर तक पहुंचाने के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों से लगातार संवाद किया जाएगा। समाज में एकता और समन्वय बनाए रखने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों को मिलकर कार्य करना होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण का वास्तविक लाभ पात्र अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को मिलना चाहिए। इसके लिए शासन के समक्ष समाज की ओर से अपनी मांग प्रभावी ढंग से रखी जाएगी।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय-
1. भवन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण: सतनाम धर्मशाला मड़वा, गिरौदपुरीधाम तथा राजधानी रायपुर में भवन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए जल्द भूमि पूजन कराया जाएगा।
2. सामाजिक सुधार के 15 बिंदु लागू होंगे: सामाजिक रीति-नीति में सुधार के लिए तैयार किए गए 15 सूत्रीय बिंदुओं पर जिला अध्यक्षों से फीडबैक लिया जाएगा। इसके बाद इन्हें ग्रामीण स्तर तक लागू करने की कार्ययोजना बनाई जाएगी।
3. आरक्षण को लेकर शासन को ज्ञापन: बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की भर्तियों में आरक्षण का पालन राज्य स्तर पर किया जाए। जिला स्तर पर अलग-अलग भर्ती से आरक्षण व्यवस्था का लाभ प्रभावित होने की आशंका जताई गई। इस मांग को लेकर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
4. प्रदेश शिक्षा समिति का गठन: समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर शिक्षा समिति का गठन किया जाएगा। समिति जवाहर नवोदय विद्यालय, उत्कर्ष योजना, प्रयास स्कूल, श्रेष्ठ योजना सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में ग्रामीण प्रतिभाओं को सहयोग करेगी।
5. आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की मदद: असक्षम लेकिन प्रतिभावान विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पे-बैक सोसायटी के संचालन पर जोर दिया गया। साथ ही समाज के स्तर पर स्कूल एवं कॉलेज खोलने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
6. संगठनात्मक अनुशासन: –संगठन में पद पर रहते हुए अन्य सामाजिक संगठन में जाने वाले पदाधिकारियों के संबंध में संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया।
7. सामाजिक कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल: – सामाजिक कार्यक्रमों में अतिथि बनाने एवं बनने के दौरान संगठन के निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य करने पर सहमति बनी।
8. संगठन विस्तार: – प्रदेश प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों को अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में संगठन विस्तार का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सामाजिक एकता पर जोर – बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज सामाजिक एकीकरण एवं समाज की एकता के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा। विभिन्न स्तरों पर आपसी समन्वय स्थापित कर समाज के हित में कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों के साथ युवा, महिला एवं साहित्य प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, शिक्षाविद, प्रोफेसर, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक तथा विभिन्न जिलों एवं ब्लॉकों से आए सैकड़ों सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





