देश पर बढ़ते कर्ज और बेरोजगारी को लेकर वंदना राजपूत ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियों का लाभ बड़े उद्योगपतियों को अधिक मिल रहा है, जबकि आम नागरिक महंगाई और रोजगार के संकट से जूझ रहा है..।

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने केंद्र की मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए देश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता को लेकर चिंता व्यक्त की है।
वंदना राजपूत ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में आम जनता पर महंगाई और आर्थिक तंगी का दबाव बढ़ा है। वहीं, देश के कर्ज में भी भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश पर लगभग 55 लाख करोड़ रुपये का कर्ज था, जो अब बढ़कर करीब 257 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि पिछले 12 वर्षों में लिए गए लगभग 172 लाख करोड़ रुपये के अतिरिक्त कर्ज का उपयोग किन कार्यों में किया गया? यदि इतनी बड़ी राशि कर्ज के रूप में ली गई है, तो इसका असर रोजगार, किसानों की आय, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योगों के विकास में स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
- कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियों का लाभ बड़े उद्योगपतियों को अधिक मिल रहा है, जबकि आम नागरिक महंगाई और रोजगार के संकट से जूझ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से बढ़ते कर्ज, रोजगार और आर्थिक नीतियों को लेकर जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
वंदना राजपूत ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था का वास्तविक विकास तभी माना जाएगा, जब उसका लाभ आम जनता, किसानों, युवाओं और छोटे व्यवसायियों तक पहुंचे।





