
खबरीलाल24/राजिम
नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं शशि कंस्ट्रक्शन एवं इलेक्ट्रिकल्स के संचालक लोकनाथ साहू तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती लक्ष्मी साहू का पंडरिया (कवर्धा) के समीप सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। इस घटना के समाचार से पूरे राजिम नगर एवं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया। विधायक रोहित साहू ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि लोकनाथ साहू वर्षों से मेरे अभिन्न सहयोगी एवं विषम परिस्थितियों में साथी रहे हैं। उनका एवं उनकी धर्मपत्नी का निधन मेरे व्यक्तिगत जीवन की अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दोनों पुण्यात्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति दें। नगर के सामाजिक संगठनों, व्यापारी वर्ग एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है।
मिली जानकारी अनुसार अंत्येष्टि कार्यक्रम 3 अक्टूबर दोपहर 3 बजे उनके पैतृक ग्राम बम्हनी (लाफिन), जिला महासमुंद में संपन्न होगा।





